Front Pageसुरक्षा

सीडीएस जनरल चौहान ने सीमांत हरसिल क्षेत्र का दौरा किया

उत्तरकाशी, 16 अप्रैल। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने 16 अप्रैल 2026 को हर्षिल का दौरा किया। हर्षिल पहुंचने पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उनका औपचारिक स्वागत किया तथा क्षेत्र की वर्तमान प्रशासनिक गतिविधियों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। यह दौरा भारतीय सशस्त्र बलों की सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समुदायों के साथ सार्थक सहभागिता के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दौरे के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने हर्षिल सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र का शिलान्यास किया। एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में परिकल्पित यह केंद्र क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, गढ़वाल सेक्टर के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने वाइब्रेंट विलेज के निवासियों से भी संवाद किया और राष्ट्र निर्माण तथा सीमांत क्षेत्र के विकास में उनकी भागीदारी की भावना की सराहना की।
सेक्टर में तैनात सैनिकों से बातचीत के दौरान उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक मौसमीय चुनौतियों के बावजूद उनकी पेशेवर दक्षता, समर्पण और उच्च स्तर की परिचालन तैयारियों की प्रशंसा की।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने बगोरी गांव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर सीमांत गांव की जीवंतता बनाए रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने मुखवा गांव का भ्रमण किया, जहां मुखवा मंदिर में विशेष पूजा में सहभागिता की तथा स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए उनकी गहरी परंपराओं और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में उनकी भूमिका को सराहा।
यह दौरा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत क्षेत्रों में समन्वित विकास, सांस्कृतिक संरक्षण तथा सशक्त नागरिक-सैन्य सहयोग के महत्व को रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!