क्षेत्रीय समाचार

बेराधार रामलीला में लक्ष्मण शक्ति, संजीवनी प्रसंग और मेघनाथ वध का प्रभावशाली मंचन

 


थराली, 25 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल की ग्राम पंचायत बेराधार में देवभूमि रामलीला कमेटी के बैनर तले आयोजित रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति, हनुमान द्वारा संजीवनी लाने, लक्ष्मण के पुनर्जीवन, कुंभकर्ण वध तथा मेघनाथ वध के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरमल-चोटिला क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान राम के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।
बुधवार रात्रि आयोजित रामलीला में अंगद के रावण दरबार से लौटने, मेघनाथ द्वारा ब्रह्मास्त्र से लक्ष्मण को मूर्छित करने, हनुमान द्वारा हिमालय से संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण को पुनर्जीवित करने तथा इसके बाद कुंभकर्ण और मेघनाथ वध के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि रमेश गड़िया ने कहा कि रामलीला केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि समाज को नैतिकता, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन की सीख देने वाली सांस्कृतिक परंपरा है। उन्होंने 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बेराधार गांव में पुनः रामलीला आयोजन शुरू करने पर ग्रामीणों और आयोजन समिति को बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड चमोली की देवाल शाखा के प्रबंधक मुकेश पाठक, भाजपा महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, ग्राम विकास अधिकारी विनोद फरस्वाण, रजनीश कांडपाल तथा लिगड़ी के ग्राम प्रधान नरेंद्र बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य तेजपाल रावत, आयोजन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, सचिव दिलव सिंह बिष्ट, गजेंद्र सिंह पनेरी, कोषाध्यक्ष चंद्र सिंह बिष्ट एवं लखन सिंह, मंत्री सुरेंद्र पनेरी, नवयुवक मंगल दल के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, सचिव लक्ष्मण सिंह करमियाल, महिला मंगल दल की अध्यक्ष नीमा देवी, उपाध्यक्ष अर्चना देवी, कोषाध्यक्ष शांति देवी तथा पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़क सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया।
रामलीला के दौरान रघुवीर सिंह बिष्ट ‘गुड्डू’ द्वारा प्रस्तुत जोकर की हास्य प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा, जिससे कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग और गहरा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!