नंदा देवी बड़ी जात की तैयारियों को लेकर देवाल में मंथन, 7 अगस्त को होगी विस्तृत बैठक
थराली/देवाल, 4 अगस्त (हरेंद्र बिष्ट)। प्रस्तावित श्री नंदा देवी बड़ी जात की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकासखंड मुख्यालय देवाल के ब्लॉक सभागार में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी चमोली से प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं पड़ाव समितियों की संयुक्त बैठक शीघ्र बुलाने का आग्रह किया गया। साथ ही देवाल क्षेत्र में बड़ी जात का भव्य स्वागत करने तथा 7 अगस्त को ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता सर्वसम्मति से ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने की। इस दौरान महावीर बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2014 की नंदा राजजात के दौरान ही वर्ष 2026 में अगली यात्रा आयोजित करने की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि अभी भी समय है कि नौटी एवं कुरूड़ समितियों को साथ बैठाकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाए।
पुष्कर सिंह बिष्ट ने वर्ष 2026 में प्रस्तावित बड़ी जात के भव्य स्वागत का प्रस्ताव रखा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 1987 से पहले 12 वर्ष के अंतराल पर आयोजित होने वाली यात्रा को ‘बड़ी जात’ ही कहा जाता था और बाद में इसे ‘राजजात’ नाम दिया गया। लखन रावत ने कहा कि बसंत पंचमी के अवसर पर नौटी और सिद्धपीठ कुरूड़, दोनों स्थानों पर यात्रा का दिन 4 सितंबर निर्धारित हुआ था, ऐसे में अचानक वर्ष 2027 में राजजात आयोजित करने की घोषणा लोगों की समझ से परे है।
बैठक में केडी मिश्रा ने ग्वालदम-नंदकेशरी-वाण-तपोवन मोटर मार्ग का रखरखाव लोक निर्माण विभाग से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सौंपने की मांग की। पूर्व प्रधान नरेंद्र बिष्ट ने यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने का सुझाव दिया। गणेश मिश्रा ने नंदा भगवती के महत्व को कम करने के प्रयासों की आलोचना की, जबकि व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत ने यात्रा अवधि में देवाल बाजार में पर्याप्त शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने कहा कि यात्रा के सर्वाधिक पड़ाव देवाल विकासखंड में पड़ते हैं, इसलिए व्यवस्थाओं का सबसे अधिक दबाव भी इसी क्षेत्र पर रहता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया तथा यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थानीय स्तर पर निरीक्षण कराने की मांग भी उठाई।
बैठक में छोटी जात यात्रा को राजकीय यात्रा घोषित किए जाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस अवसर पर डॉ. कृपाल भंडारी, सचिन परिहार, जय सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, प्रदीप दानू, मनोज कुमार, मोहन राणा, प्रकाश चंद्र, दर्शन बिष्ट, गोविंद सोनी, धर्मेंद्र बिष्ट, महिपाल बिष्ट सहित अनेक लोगों ने अपने विचार रखे।
7 अगस्त को होगी विस्तृत बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त (शुक्रवार) को देवाल ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों एवं पड़ाव समितियों की विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नंदा देवी बड़ी जात समिति, कुरूड़ तथा नंदा राजजात समिति, नौटी को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी नरेंद्र बिष्ट, लखन रावत, पुष्कर सिंह बिष्ट, खिलाप बिष्ट, पुष्कर फरस्वाण, रमेश गड़िया, सुरेंद्र रावत, महावीर बिष्ट और प्रकाश मिश्रा को सौंपी गई।
