रुद्रप्रयाग की सड़क और पुल परियोजनाओं पर मुख्य अभियंता से मिले मोहित डिमरी
देहरादून, 5 अगस्त। युवा नेता मोहित डिमरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), उत्तराखंड के मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक से मुलाकात कर रुद्रप्रयाग जिले से जुड़े दो प्रमुख आधारभूत ढांचा संबंधी मुद्दे उठाए। उन्होंने भरदारी गाड़ पर प्रस्तावित पुल निर्माण और मयाली-रणधार-बधाणी मोटरमार्ग की मरम्मत में तेजी लाने का आग्रह किया।
मोहित डिमरी ने बताया कि सेमलता-डुंगरा-कफना-सतनी-सौराखाल मोटरमार्ग पर भरदारी गाड़ में वर्ष 2018 से पुल निर्माण लंबित है। उनका कहना था कि बरसात के दौरान पुल नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने मयाली-रणधार-बधाणी मोटरमार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। डिमरी के अनुसार यह मार्ग लगभग 16 ग्राम पंचायतों को जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से हॉटमिक्स और आवश्यक मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जर्जर हो गई है। उनका कहना था कि जगह-जगह बने गड्ढों से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है और लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
मोहित डिमरी ने मुख्य अभियंता को बताया कि इन दोनों मामलों को लेकर पहले भी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष मांग रखी जा चुकी है। उन्होंने दोनों कार्यों को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण और मरम्मत शुरू कराने का अनुरोध किया।
मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक ने दोनों मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद मोहित डिमरी ने कहा कि रुद्रप्रयाग जिले की आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को वे आगे भी संबंधित विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे।
