नगर पंचायत पोखरी में नामित सभासदों ने ली शपथ

पोखरी, 28 जुलाई (राणा)। नगर पंचायत पोखरी के सभागार में मंगलवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने राज्य सरकार द्वारा नामित सभासद लक्ष्मी देवी और नारायण सिंह नेगी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तीसरी नामित सभासद सुनीता चमोला समारोह में अनुपस्थित रहीं। उन्हें बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि निर्वाचित और नामित सभी सभासदों के सहयोग से टीम भावना के साथ नगर पंचायत के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग की अपील करते हुए “स्वच्छ पोखरी, सुंदर पोखरी” के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता पर बल दिया।
थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सरकार ने अनुभवी और सक्षम लोगों को सभासद के रूप में नामित किया है, जिससे नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति मिलेगी। राज्य वन्यजीव सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. मातबर रावत ने कहा कि समाज और संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर उनके अनुभव का लाभ स्थानीय विकास में लिया जाएगा।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने कहा कि नगर पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में सभी सभासदों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, डॉ. मातबर रावत, सभासद प्रशांत पंत, गिरीश किमोठी, कुसुम कंडारी, सुमित्रा देवी, सुनीता देवी, पर्यावरण पर्यवेक्षक अनुराग रावत, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अमर सिंह रावत, आशीष चमोला, अनुरुद्ध कंडारी, जितेंद्र सती, प्रदीप चौहान, नगर पंचायत के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
