धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ढाई लाख के पार

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक सेवाएं कीं सुनिश्चित

उत्तरकाशी, 7 मई। चारधाम यात्रा के अंतर्गत जनपद उत्तरकाशी स्थित श्री यमुनोत्री और गंगोत्री धाम यात्रा का सुगम एवं सुव्यवस्थित संचालन लगातार जारी है। दोनों पावन धामों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 तक श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 2,50,787 पहुंच गई है। बुधवार को दोनों धामों में कुल 19,507 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें यमुनोत्री धाम में 10,392 तथा गंगोत्री धाम में 9,115 यात्री शामिल रहे।

यात्रा के दौरान बुधवार को कुल 1,941 वाहनों का दोनों धामों की ओर सुरक्षित आवागमन हुआ। इसके साथ ही यात्रा सीजन में अब तक धामों की ओर पहुंचने वाले वाहनों की कुल संख्या 26,034 हो गई है।

यात्रा मार्गों पर स्थापित स्वास्थ्य केंद्रों में बुधवार को 8,611 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 620 यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 86,895 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग तथा 8,753 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।

प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!