Front Page

श्रमदान से सड़क निर्माण में जुटे ग्रामीण, अब तक 115 मीटर खुदाई

 

आठ साल से आश्वासनों के भरोसे बैठे ग्रामीण अब पीछे हटने को तैयार नहीं

गौचर, 29 नवंबर (गुसाईं)। विकासखंड कर्णप्रयाग के मोली-रूइंठा गांव के ग्रामीणों का श्रमदान के माध्यम से सड़क निर्माण का कार्य रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। ग्रामीण अब तक 115 मीटर सड़क की खुदाई कर चुके हैं। ग्रामीणों की इस पहल को आसपास के क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है।

बृहस्पतिवार से शुरू हुए श्रमदान में ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही सड़क का एलाइनमेंट निर्धारित कर खुदाई का कार्य शुरू किया है। उनके बुलंद हौसले और सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि चार दिनों में लगभग 115 मीटर सड़क की खुदाई हो चुकी है।

ग्रामीणों को समर्थन देने के लिए आसपास के क्षेत्रों के प्रधान संगठन के पदाधिकारी और सदस्य भी समूहों में गांव पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने भी दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। इससे पहले उत्तराखंड क्रांति दल के आशीष नेगी भी गांव पहुंचकर ग्रामीणों को अपना समर्थन दे चुके हैं।

ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने बताया कि गत दिवस वन विभाग के अधिकारियों के साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। वहीं, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भेजी जा चुकी है। उन्होंने ग्रामीणों से एक माह का समय देने का अनुरोध किया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए।

ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर का कहना है कि विभागीय अधिकारियों के आश्वासनों के भरोसे ग्रामीणों के आठ साल बीत चुके हैं। ऐसे में अब ग्रामीण किसी नए आश्वासन पर भरोसा करने की स्थिति में नहीं हैं। ग्रामीणों ने अपने सामूहिक प्रयासों और श्रमदान के माध्यम से गांव तक सड़क पहुंचाने का संकल्प लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!