क्षेत्रीय समाचार

धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर चमोली में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ

पहले दिन 496 लाभार्थियों को मिला विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ


गोपेश्वर, 5 जुलाई (गुसाईं)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशव्यापी ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत शनिवार से सीमांत जनपद चमोली में भी कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई।
इस अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के 20, उद्यान विभाग के 18, उद्योग विभाग के 15, उरेडा के 28, होम्योपैथी विभाग के 53, चिकित्सा विभाग के 33, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 42, पशुपालन विभाग के 36 तथा ग्राम्य विकास विभाग के 45 सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 496 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र, आवश्यक उपकरण तथा अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने से नागरिकों को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत आगामी दिनों में न्याय पंचायत स्तर पर भी बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!