क्राइम

26 सप्ताह की गर्भवती मिली नाबालिग, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

 

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 23 जुलाई। थाना थराली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल पुरसाड़ी भेज दिया गया।
थाना थराली पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री काफी समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। नियमित चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाने पर अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच में चिकित्सकों ने बताया कि किशोरी 26 सप्ताह की गर्भवती है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि मल्ला मुन्दोली, विकासखंड देवाल निवासी अजय कुनियाल पुत्र योगेश्वर प्रसाद ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता के बयान के आधार पर थाना थराली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 22/2026 के तहत धारा 61(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(j)(ii)/6 में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर थाना थराली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी अजय कुनियाल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल पुरसाड़ी भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!