एसआईआर अभियान की समीक्षा: उत्तरकाशी में 63,727 मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस
बीएलओ को भी जमा कर सकेंगे दस्तावेज
उत्तरकाशी, 3 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सभागार में निर्वाचन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप नोटिस वितरण एवं दावों-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने बताया कि 14 जुलाई 2026 से नोटिस वितरण एवं सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। जनपद में विभिन्न विसंगतियों के आधार पर चिह्नित 55,973 तथा 7,751 अनमैप्ड मतदाताओं सहित कुल 63,727 नोटिस जारी किए जाने हैं। इनकी सुनवाई के लिए 38 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध दस्तावेजों (आधार कार्ड को छोड़कर) में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 14 जुलाई को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ के माध्यम से नोटिस वितरण का कार्य जारी है तथा सभी ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा दावों और आपत्तियों की सुनवाई की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक दस्तावेज संबंधित बीएलओ को भी जमा कराए जा सकते हैं, जिससे उन्हें सुनवाई के लिए मतदान केंद्र पर आने की आवश्यकता नहीं होगी।
मस्तू दास ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रारूप-6, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर अभियान की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, सब-रजिस्ट्रार अभिसार चौधरी, उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चंद रमोला सहित सभी एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। प्रेस वार्ता में विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
