क्षेत्रीय समाचार

सेरा में अखंड रामायण पाठ यज्ञ सम्पन्न, पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन

गोपेश्वर, 23 जून (गुसाईं)। लोकमंगल और विश्व कल्याण की भावना के साथ नंदानगर विकासखंड के सेरा गांव स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ मंगलवार को विधिवत सम्पन्न हो गया। आयोजन में सेरा गांव के ग्रामीणों के साथ-साथ मोख तल्ला, मोख मल्ला, कुंडी, धुर्मा और जाखणी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सेरा गांव के निवासियों द्वारा सामूहिक रूप से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना की। अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के बाद विधिवत हवन-यज्ञ सम्पन्न कराया गया। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वप्रथम आमंत्रित 21 ब्राह्मणों को भोजन कराया गया और बाद में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वेदपाठी पंकज पुरोहित, दामोदर प्रसाद, दीपक त्रिपाठी एवं सुजल तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचपूजा सम्पन्न कर अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ कराया था। बांसवाड़ा-सेरा की ग्राम प्रधान रेखा गुसाईं के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।
ग्राम प्रधान रेखा गुसाईं ने बताया कि हनुमान मंदिर में नियमित अंतराल पर श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित किया जाता रहा है। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी ईश्वर की कृपा से आयोजन निर्विघ्न और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग और सहभागिता करने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रुकमा देवी सहित राजू नेगी, महिपाल सिंह नेगी, रघुवीर सिंह नेगी, मेहरवान सिंह नेगी, बाग सिंह बिष्ट, गोमती देवी, देवेश्वरी देवी, बसंती देवी, दरवान सिंह नेगी, गंगा सिंह बिष्ट, अवतार सिंह गुसाईं, विनोद सिंह गुसाईं, सुमित सिंह गुसाईं, संतोष गुसाईं, राजेंद्र सिंह नेगी, प्रकाश गुसाईं, बिमला देवी, तारा देवी, शारदा देवी, बीना देवी, बिछीं देवी, पार्वती देवी, सुशीला देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई ध्यानियों एवं श्रद्धालुओं ने अपनी सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!