Uncategorized

समय से पहले पूरे हुए सड़क कार्य, पोखरी क्षेत्र की बदली तस्वीर

पोखरी, 3 जून (राणा)। लोक निर्माण विभाग पोखरी के अधिशासी अभियंता राजकुमार के नेतृत्व में क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली गई हैं। वर्षों से जर्जर सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब बेहतर सड़क सुविधाएं मिलने लगी हैं। सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण से वाहन चालकों तथा यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है।
नाबार्ड-31 योजना के अंतर्गत सेमी-मासो मोटर मार्ग तथा हापला-गुणम मोटर मार्ग पर तीन-तीन किलोमीटर लंबाई में डामरीकरण, सुरक्षा दीवारों (स्कवर-पुस्तों) और नालियों के निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026-27 में 61 लाख रुपये की लागत से विकासखंड के विभिन्न मोटर मार्गों पर लगभग 30 किलोमीटर पैचवर्क का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल 27 किलोमीटर लंबे पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्ष 2022 में 23.37 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इस परियोजना का कार्य लंबे समय तक धीमी गति से चल रहा था। वर्ष 2024 में अधिशासी अभियंता राजकुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद कार्य में तेजी आई और वर्ष 2025-26 में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का सुधारीकरण निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया गया। सड़क की स्थिति में सुधार होने से यात्रा अब पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित हो गई है।
अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि विभिन्न मोटर मार्गों पर दो लोकार्पण तथा तीन शिलान्यास शिलापट्ट भी स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई सड़कों के नवीनीकरण कार्यों के लिए तीन बार निविदाएं आमंत्रित की गईं, लेकिन बिटुमिन (डामर) की दरों में वृद्धि के कारण ठेकेदारों की ओर से अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई। जैसे ही पर्याप्त संख्या में ठेकेदार निविदा प्रक्रिया में भाग लेंगे, शेष सड़कों के नवीनीकरण कार्य भी शुरू कर दिए जाएंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, किमोठा के ग्राम प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी तथा काण्डई-चंद्रशिला के ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने विभागीय कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध ढंग से सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य पूरे होने से आम जनता, वाहन चालकों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!