Front Page

10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर कई रेलगाड़ियां रद्द, दो के समय बदले

 

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और उससे उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी बाधाओं को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ी संख्या में रेलगाड़ियों का परिचालन रद्द करने तथा दो रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन करने की घोषणा की है। रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी यातायात जाम की आशंका जताई है। इस फैसले से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने की संभावना है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय की ओर से शुक्रवार को जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों के अनुसार, 10 अक्टूबर को मध्य दिल्ली में सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक प्रस्तावित प्रदर्शन और यातायात संबंधी प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाओं में बदलाव किया गया है।

रेलवे की पहली विज्ञप्ति के अनुसार, 10 अक्टूबर को रेवाड़ी-दिल्ली रेलखंड की गाड़ी संख्या 74004 और 54414, दिल्ली-रेवाड़ी की 54421, हिसार-दिल्ली की 54310, हिसार-नई दिल्ली की 54424 तथा नई दिल्ली-हिसार की 54423 रद्द रहेंगी।
इसके अतिरिक्त, 9 अक्टूबर को प्रारंभ होने वाली धौलपुर-नई दिल्ली (64073), अलीगढ़-गाजियाबाद (64168), सहारनपुर-दिल्ली (74024), रेवाड़ी-दिल्ली (74002), सतरौड़-दिल्ली (54086), रेवाड़ी-दिल्ली (54420), गाजियाबाद-टूंडला (64167), दिल्ली-शामली (74023), जींद-दिल्ली (64932), दिल्ली-जींद (64931), जींद-दिल्ली (54034), दिल्ली-शामली (54057), जींद-दिल्ली (54024), दिल्ली-रेवाड़ी (74001), दिल्ली-बरेली (54076) और पानीपत-नई दिल्ली (64534) रेलगाड़ियों को भी रद्द करने की घोषणा की गई है।

रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली (12951) तथा मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन (12953) रेलगाड़ियों के परिचालन समय में भी पांच-पांच घंटे का परिवर्तन किया है।
एक अन्य विज्ञप्ति में रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों से 9 अक्टूबर को प्रारंभ होने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन (22221), रांची-नई दिल्ली गरीब रथ (12877), हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी (12301) तथा सियालदह-नई दिल्ली राजधानी (12313) को भी रद्द करने की सूचना दी है।
इस प्रकार उत्तर रेलवे की तीनों विज्ञप्तियों में कुल 33 रेलगाड़ियों को रद्द करने और दो रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन की जानकारी दी गई है। इनमें कुछ रेलगाड़ियां 9 अक्टूबर को अपने प्रारंभिक स्टेशनों से रवाना होने वाली थीं, जबकि अन्य 10 अक्टूबर की हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले राष्ट्रीय रेलगाड़ी पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) पर अपनी गाड़ी की स्थिति की पुष्टि कर लें अथवा रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!