क्षेत्रीय समाचार

थराली थानाध्यक्ष ने गौसदन को दिए 11 हजार रुपये

 

थराली, 25 नवंबर (हरेंद्र बिष्ट)। निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने सूना गांव स्थित गौसदन को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने क्षेत्र के अन्य सक्षम लोगों से भी गौसदन के संचालन में सहयोग करने की अपील की।

सूना गांव स्थित गौसदन में वर्तमान में 42 निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया गया है। उनके लिए चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष चौरसिया ने गौसदन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बिष्ट को सहायता राशि सौंपी। उन्होंने पशुपालकों से गोवंश को सड़कों पर लावारिस न छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल पशुओं के जीवन को खतरा रहता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बिष्ट ने बताया कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण और भरण-पोषण के लिए क्षेत्र के लोग लगातार आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। गौसदन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमचंद देवराड़ी ने बताया कि सदन के सदस्य नियमित रूप से पशुओं की देखभाल करने के साथ ही उनके लिए चारे, भूसे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गौसदन का संचालन क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के आर्थिक सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से अन्य लोगों को भी निराश्रित गोवंश के संरक्षण में सहयोग करने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!