अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाजसेवी मोहन खत्री सम्मानित

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मोहन खत्री को सम्मानित किया।
समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, ज्ञान और सामाजिक योगदान को सम्मान देने तथा समाज में उनकी सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लंबे अनुभव और जीवन से अर्जित ज्ञान का लाभ नई पीढ़ी और समाज को मिलना चाहिए।
समारोह में वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा गया कि उन्हें केवल सहायता की आवश्यकता वाले वर्ग के रूप में देखने के बजाय उनके अनुभव और क्षमताओं को सामाजिक विकास से जोड़ने की जरूरत है। स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
154 रक्तदान और 35 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
सम्मानित समाजसेवी मोहन खत्री लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। उनके द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में अब तक 154 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण के दौर में उन्होंने लगातार 45 दिनों तक जरूरतमंद और गरीब लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की। इसके अलावा उनके प्रयासों से 35 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लोगों को स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सीनियर सिटीजन सोसायटी, प्रेमनगर की ओर से इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मोहन खत्री ने कहा कि वृद्धजन दिवस का संदेश केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बुजुर्गों को परिवार और समाज में सम्मान, सुरक्षा, समय और आत्मीयता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय समाज के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
