उत्तरकाशी में छूटे पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान
उत्तरकाशी के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा सत्यापन

उत्तरकाशी, 9 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए उत्तरकाशी जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में 8 अक्टूबर से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय अभियान 10 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों में मतदाता सूचियों का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण किया जा रहा है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) वर्तमान निर्वाचक नामावली का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान कर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान कर रहे हैं, जिनके नाम सूची में दर्ज होने से छूट गए हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदान के पात्र बने युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देकर नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का सावधानीपूर्वक परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

