पोखरी में आंधी-तूफान से दो मकानों की टिन उड़ी, ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान
पोखरी, 29 मई (राणा)। विकासखंड पोखरी क्षेत्र में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने कई ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। उड़ामाडा और मोहनधार गांव में तेज हवाओं के चलते दो मकानों की टिन की छतें उड़ गईं, जिससे घरों में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
ग्रामीण हरीश खाली ने बताया कि उड़ामाडा निवासी राजेंद्र प्रसाद खाली तथा मोहनधार निवासी मदन सिंह रावत के मकानों की टिन की छत तेज आंधी में उड़ गई। राजेंद्र प्रसाद खाली वर्तमान में परिवार सहित देहरादून में रहकर पंडिताई का कार्य कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने घर के भीतर बिखरे सामान को एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर रखा।
हरीश खाली ने बताया कि अचानक आए तूफान से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं भी टूट गईं। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
