Uncategorized

कांग्रेस पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम के संयोजक बने विधायक विक्रम सिंह नेगी

देहरादून, 29 मई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने पौड़ी में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संवाद कार्यक्रम के लिए प्रतापनगर विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है।

यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के 4 जून 2026 को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पौड़ी में पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी को दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनसे अपेक्षा की है कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस संगठन का मानना है कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और अर्द्ध सैनिक परिवार निवास करते हैं। ऐसे में यह संवाद कार्यक्रम उनके मुद्दों, सुझावों और समस्याओं को सुनने तथा उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और संगठन स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!