क्षेत्रीय समाचार

मुख्यमंत्री से संवाद करेंगे चमोली के छह विद्यार्थी

गौचर, 17 सितम्बर (गुसाईं)। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद के लिए चमोली जिले से चयनित छह विद्यार्थी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए रवाना हो गए हैं।
चयनित विद्यार्थी 18 सितम्बर को मुख्यमंत्री के साथ संवाद कर उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे। कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर के विद्यार्थियों से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त निबंधों के आधार पर प्रदेश के 140 विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए चयन किया गया है।
चमोली जिले से चयनित विद्यार्थियों में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर की कक्षा 11 की रिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की कक्षा 11 की यमुना, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग की कक्षा 11 की अनुष्का, राजकीय इंटर कॉलेज कांसुवा की कक्षा 11 की साक्षी, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवाल के आर्यन फरस्वाण तथा राजकीय इंटर कॉलेज असेड़ सिमली की कक्षा 12 की राखी शामिल हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने बताया कि राज्य स्तरीय संवाद के दौरान विद्यार्थी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, स्वरोजगार, पलायन, सड़क, सूचना प्रौद्योगिकी, वन एवं पर्यावरण तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे।
उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए जिले के छह विद्यार्थियों का चयन महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ अपने विचार और सुझाव रखें, ताकि युवा पीढ़ी की सोच भी उत्तराखंड के भावी विकास से जुड़े विमर्श का हिस्सा बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!