Front Page

गंगोत्री – यमुनोत्री में आस्था का नया रिकॉर्ड, 44 दिनों में 9.52 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

  • 40 दिनों में पिछले वर्ष की तुलना में 38,464 अधिक श्रद्धालु पहुंचे यमुनोत्री और गंगोत्री धाम
  • 44 दिनों में गत वर्ष के मुकाबले 50,937 श्रद्धालुओं की बढ़ोतरी दर्ज

उत्तरकाशी, 2 जून (सू वि)। चारधाम यात्रा-2026 के तहत जनपद उत्तरकाशी में स्थित यमुनोत्री एवं गंगोत्री धामों में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा के सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

यात्रा के पहले 40 दिनों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में कुल 8,18,546 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 8,57,010 पहुंच गई। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 38,464 अधिक श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए हैं।
वर्ष 2025 में यमुनोत्री धाम में 4,09,482 तथा गंगोत्री धाम में 4,09,064 श्रद्धालु पहुंचे थे। वहीं वर्ष 2026 में यमुनोत्री धाम में 4,24,115 और गंगोत्री धाम में 4,32,895 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यह वृद्धि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था के साथ-साथ यात्रा व्यवस्थाओं में हुए सुधार को भी दर्शाती है।


यात्रा के 44वें दिन तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में दोनों धामों में कुल 9,52,841 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 4,67,641 तथा गंगोत्री धाम में 4,85,200 श्रद्धालु शामिल हैं।
इसके विपरीत वर्ष 2025 में इसी अवधि तक दोनों धामों में कुल 9,01,904 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जिनमें यमुनोत्री धाम में 4,49,495 तथा गंगोत्री धाम में 4,52,409 श्रद्धालु शामिल थे। इस प्रकार वर्ष 2026 में गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 50,937 अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र धामों के दर्शन किए हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, कतारबद्ध दर्शन प्रणाली तथा सूचना सहायता केंद्रों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यात्रा के निर्बाध संचालन के लिए दोनों धामों में नोडल अधिकारियों के साथ सुपर नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। वहीं जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम से यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि चारधाम यात्रा के सुरक्षित, सुगम एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद यात्रा मार्ग से लेकर दोनों धामों तक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!