Front Page

युवाओं के विचारों से तय होगी विकसित उत्तराखंड की दिशा : धामी

रुद्रपुर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनके विचार, सुझाव और परिकल्पनाएं जानीं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षा के साथ रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों को सशक्त बनाया जा रहा है। उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं के सपनों तथा प्रतिभा को अवसर देकर आत्मनिर्भर एवं विकसित प्रदेश का निर्माण किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए बताया कि प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी भागीदारी बताती है कि नई पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग है। विद्यार्थियों के सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को प्रदेश की विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जाधारी अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!