टीएमयू में उत्तम त्याग धर्म पर दान और परोपकार का संदेश

मुरादाबाद, 23 सितम्बर। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में दसलक्षण महापर्व का आठवां दिन ‘उत्तम त्याग धर्म’ के रूप में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ जैन महाभारत पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने धर्म, त्याग और मोक्ष का संदेश दिया।
जिनालय में स्वर्ण कलशों से श्रीजी के अभिषेक का पुण्य लाभ सौभाग्य हर्षित, अरिहंत, अर्चित और अविनाश जैन ने प्राप्त किया। स्वर्ण झारी से आदर्श, कुशाग्र, सोमिल, आर्यन, प्रथम, आदि और पारस जैन तथा रजत झारी से अतिशय, सुहित, ऋषभ, अनंत, नमो और आर्जव जैन ने शांतिधारा की। पूर्वी, स्वीकृति, अंशी, काव्य, शिवली, तान्या, पारुल, मुस्कान और वंशिका जैन अष्ट कुमारी बनीं। लावण्या जैन ने तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन किया। पंडित ऋषभ शास्त्री के सानिध्य में देव शास्त्र गुरु पूजा, भगवान महावीर पूजा, सोलहकारण पूजा और दसलक्षण पूजा संपन्न हुई।
पंडित ऋषभ शास्त्री ने उत्तम त्याग धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि दान चार प्रकार का—आहार, औषधि, अभय और ज्ञान दान—माना गया है। धन को नाशवान बताते हुए उन्होंने इसके सदुपयोग और परोपकार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राग-द्वेष का त्याग तथा जरूरतमंदों और धर्मकार्य के लिए दान उत्तम त्याग की भावना को अभिव्यक्त करता है।

महापर्व के आयोजन में योगदान देने वाली दिव्यघोष, बोली, पारणा व्यवस्था, उपहार वितरण और अनुशासन समितियों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। संध्याकाल में फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रमुख प्रो. शिवानी एम. कौल और संकाय सदस्यों की अगुवाई में श्रीजी की आरती को दिव्य घोष के साथ जिनालय से रिद्धि-सिद्धि भवन लाया गया, जहां सामूहिक आरती हुई।
टीएमयू ऑडिटोरियम में फिजियोथेरेपी विभाग के विद्यार्थियों ने जैन महाभारत पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। शांतनु-भीष्म प्रसंग से शुरू प्रस्तुति में पांडु का राज्याभिषेक, द्रोणाचार्य का प्रशिक्षण, कर्ण-अर्जुन संवाद, भीम-दुर्योधन युद्ध, लाक्षागृह, स्वयंवर, इंद्रप्रस्थ, चौसर, कृष्ण का शांति प्रस्ताव और महाभारत युद्ध के प्रसंगों को नृत्य और संवाद के माध्यम से मंचित किया गया। श्रीकृष्ण के देहावसान, पांडवों की दीक्षा और मोक्ष नृत्य के साथ प्रस्तुति का समापन हुआ।
इस दौरान फिजियोथेरेपी कॉलेज के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई दी गई और सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुलाधिपति सुरेश जैन, वीना जैन, ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, ऋचा जैन, एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, जाह्नवी जैन, नंदनी जैन, कुलपति प्रो. वीके जैन सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
