हल्द्वानी में शुक्रवार को जुटेंगे प्रदेशभर के व्यापारी, समस्याओं पर होगा मंथन

19 संगठनात्मक जिलों और 395 नगर इकाइयों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शिरकत
चमोली, 8 अक्टूबर (कपरुवाण)। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, उत्तराखंड का प्रदेशस्तरीय सम्मेलन शुक्रवार को हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों और 395 नगर इकाइयों के व्यापारी प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भाग लेंगे। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, अधिकारों और संगठन की मजबूती से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री अतुल शाह ने बताया कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सम्मेलन से पहले हल्द्वानी नगर निगम परिसर से मेडिकल कॉलेज सभागार तक व्यापारियों की रैली निकाली जाएगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।
अतुल शाह के अनुसार सम्मेलन में प्रदेशभर के व्यापारी प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रदेश संगठन और सरकार के समक्ष रखेंगे। व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ व्यापार मंडल को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। इस अवसर पर व्यापारी हितों के संरक्षण और संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नगर इकाइयों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रांतीय संगठन मंत्री शाह ने प्रदेश के सभी व्यापारी पदाधिकारियों और सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन व्यापारियों की साझा समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने और उनके समाधान की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का अवसर होगा।

