क्षेत्रीय समाचार

सड़क और विद्यालय की मांग पूरी न होने पर बमोथ के लोग नहीं देंगे वोट

गौचर, 21 जुलाई (गुसाईं)। चमोली जिले के विकासखंड पोखरी अंतर्गत ग्राम सभा बमोथ के ग्रामीणों ने अशासकीय सहायता प्राप्त जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमोथ के राजकीयकरण एवं इंटर स्तर तक उच्चीकरण तथा लंबे समय से लंबित बमोथ–जलेश्वर महादेव मोटर मार्ग के निर्माण की मांग पूरी न होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
मंगलवार को पंचायत भवन बमोथ में ग्राम प्रधान रुचि देवी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के विकास कार्यों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे क्षेत्र में व्यापक नाराजगी है।
बैठक में बताया गया कि गांववासियों ने बच्चों की शिक्षा के लिए वर्ष 1977 में जूनियर हाईस्कूल की स्थापना की थी, जिसे वर्ष 1999 में हाईस्कूल स्तर तक उच्चीकृत किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 26 वर्षों से विद्यालय के राजकीयकरण और उच्चीकरण की मांग शासन, प्रशासन और शिक्षा विभाग से लगातार की जा रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसके चलते विद्यालय और यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं से वंचित हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व बमोथ से जलेश्वर महादेव तक मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली थी। मार्ग निर्माण के लिए वन विभाग ने रास्ते में आने वाले पेड़ों का कटान भी कर दिया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। इससे क्षेत्र के लोगों को आज भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय और मोटर मार्ग से जुड़ी मांगों को लेकर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल प्रशासन से वार्ता करेगा। यदि इसके बाद भी वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्राम सभा के लोग आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम ठाकुर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप लखेड़ा, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक संजय लखेड़ा, पूर्व प्रबंधक मदन मोहन भट्ट, अरविंद गैरोला, बृजमोहन भट्ट, चक्रधर चमोला, चंडी प्रसाद पंत, धीरेन्द्र नेगी, नागेन्द्र सिंह नेगी, राजेश्वर प्रसाद सिलोड़ा, मदन लाल सहित युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!