क्षेत्रीय समाचार

राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ में सवाड़ के विवेक सिंह ने हासिल किया दूसरा स्थान

 

थराली, 5 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के राजकीय इंटर कॉलेज सवाड़ के छात्र विवेक सिंह ने राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता की क्रॉस कंट्री दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के साथ ही पिंडर घाटी का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने विवेक सिंह और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले दूसरे छात्र भरत सिंह को सम्मानित कर पुरस्कृत किया।
गत दिनों ऊधमसिंह नगर में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज सवाड़ के छात्र विवेक सिंह और भरत सिंह ने प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता की क्रॉस कंट्री दौड़ में विवेक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विवेक सिंह तथा उनके प्रशिक्षक सुमित कुमार चौधरी को बधाई दी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में दोनों प्रतिभागी छात्रों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य महेंद्र राम आर्य ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी खेलों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने दोनों छात्रों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत करने तथा नियमित अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षक सुमित कुमार चौधरी के प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर शिक्षक सतीश प्रसाद ढोंडियाल, लता कुनियाल जोशी, कैलाश देवराड़ी, श्वेता, दीवान सिंह, नंदकिशोर मिश्रा, रघुवीर सिंह खत्री, कुलदीप खुमरियाल, दिनेश कुनियाल, उपेंद्र चौहान, प्रकाश सिंह गड़िया, सरिता पंत और नितिन सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!