Front Pageआपदा/दुर्घटना

सिल्क्यारा टनल में शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत, जिलाधिकारी ने दिए जांच और सुरक्षा के निर्देश

उत्तरकाशी, 16 जुलाई। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में गुरुवार को हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक कार्मिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (बड़कोट) बृजेश तिवारी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए तथा कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।


जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी बृजेश तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों, निर्माण कार्य में लगे कार्मिकों तथा श्रमिकों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!