युवा लोक गायक गुंजन डंगवाल की सड़क दुर्घटना में मौत, मुख्यमंत्री धामी ने शोक जताया
युवा लोक गायक और संगीतकार गुंजन डंगवाल (26) का सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इलेक्ट्रिकल से बीटेक गुंजन को गायन और संगीत के क्षेत्र में काफी रुचि थी, जिससे गुंजन ने कम समय में गायन और संगीत में ख्याति अर्जित कर ली थी। उनके आकस्मिक निधन पर लोक संगीत, सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख जताया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के युवा लोकगायक एवं संगीत निर्देशक गुंजन डंगवाल के सड़क हादसे में निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
भिलंगना ब्लॉक के खसेती और वर्तमान में नई टिहरी निवासी शिक्षक कैलाश डंगवाल के पुत्र गुंजन डंगवाल का शनिवार सुबह चंडीगढ़ के पंचकूला में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गुंजन चंडीगढ़ किसी दोस्त से मिलने जा रहे थे। वह स्वयं कार ड्राइव कर अकेले ही चंडीगढ़ जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।