Front Page

हिमालयी राज्य संदर्भ कोश

हिमालयी राज्य संदर्भ कोश

-दिनेश कुकरेती

प्रसंग कोई भी हो, उसे संपूर्णता संदर्भ से ही मिलती है। संदर्भ ज्ञान का विस्तार है और परिपक्व समझ का परिचायक भी। इसीलिए जीवन के हर मोड़ पर हम संदर्भ तलाशते हैं। यहां तक कि खुद को जानने के लिए भी। यहीं पर हमारे लिए मददगार साबित होता है संदर्भ कोश। जो एक जिम्मेदार अभिभावक की तरह न सिर्फ हमारी जिज्ञासाओं को शमन करता है, बल्कि हमारी सोच के दायरे को भी विस्तार देता है। हालिया प्रकाशित ‘हिमालयी राज्य संदर्भ कोश’ को हम इसी परिप्रेक्ष्य में देख सकते हैं, जिसे वरिष्ठ पत्रकार जयसिंह रावत ने पाठकों की नजर किया है।1यह संदर्भ कोश हमें हिमालय के उस हिस्से से परिचित कराता है, जिसे हम भारतीय हिमालय के रूप में जानते हैं और जो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम व पूवरेत्तर के सात राज्यों से लेकर दार्जिलिंग तक विस्तृत है। कोश में जहां हिमालयी राज्यों के इतिहास, भूगोल और उनकी परंपराओं का समावेश हुआ है, वहीं इन राज्यों पर केंद्रित परीक्षोपयोगी प्रश्नोत्तरी और संक्षिप्त शब्दावली भी दी गई है। जो छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है।1पुस्तक के शुरुआती खंड में लेखक ने पौराणिक एवं ऐतिहासिक उद्धरणों के साथ हिमालय की व्यापकता को परिभाषित करने का प्रयास किया है। ताकि पाठक हिमालय की उत्पत्ति, उसकी भौगोलिक स्थिति, हिमनद, नदी और प्रशासनिक स्वरूप से परिचित हो सकें। इसी खंड में हमें हिमालय की समृद्ध जैवविविधता के भी दर्शन होते हैं, जिसका सामीप्य पाने को पूरी दुनिया लालायित रहती है। खासकर, पारिस्थितिकीय शब्दों से परिचित होने पर हम स्वयं के काफी हद तक हिमालय का जानकार होने का दावा कर सकते हैं। संदर्भ कोश में हिमालयी राज्यों के विश्व धरोहर स्थलों की भी विस्तार से जानकारी दी गई है, जो रुचिकर होने के साथ ज्ञानवर्धक भी है।1संदर्भ कोश हमें राज्यों के राजनीतिक इतिहास, लोक परंपराओं, रीति-रिवाज, खान-पान, बोली-भाषा, जनसांख्यिकी आदि की भी तथ्यपरक जानकारी देता है। लिहाजा, यह कहने में कोई संकोच नहीं कि संदर्भ कोश संग्रहणीय बन पड़ा है और भविष्य की पीढ़ी के लिए भी बहुपयोगी साबित होगा।1

पुस्तक : हिमालयी राज्य संदर्भ कोश

लेखक : जयसिंह रावत
मूल्य : 165 रुपये
प्रकाशक : विनसर पब्लिशिंग कंपनी, देहरादून
संपर्क : ई-11, फ्रेंड्स एनक्लेव, शाहनगर, डिफेंस कॉलोनी रोड, देहरादून
मो. : 07055585550 and  94123249991
दिनेश कुकरेती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!