Front Page

उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए 15 विभूतियों का चयन, राज्य स्थापना दिवस पर होंगे सम्मानित

देहरादून, 4 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। चयनित विभूतियों को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

राज्य सरकार की ओर से घोषित सम्मान सूची में राजनीति, शासन, चिकित्सा, उद्यमिता, कला, संस्कृति, शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों को स्थान दिया गया है।

राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉ. जीवन सिंह तितियाल और उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान के लिए मनमोहन भारद्वाज को सम्मानित किया जाएगा।

कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायिका हेमा नेगी करासी और लोक गायिका रेशमा शाह को इस सम्मान के लिए चुना गया है। शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मानित किया जाएगा।

सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मान सूची में शामिल किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुरेश भाई को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।

खेल जगत से पांच प्रतिभाओं को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं।

राज्य स्थापना दिवस पर इन विभूतियों का सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंड की पहचान बनाने तथा प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल विकास में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!