Front Page

आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी ने गौचर में तिरंगा रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया

–गौचर से दिगपाल गुसाईं —
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की 8वीं वाहनी के तत्वाधान में स्वतंत्र भारत की 75 वीं वर्षगांठ आजादी का अमृत महोत्सव, कार्यक्रम के तहत स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा’ रैली निकालकर लोगों को देश भक्ति के प्रति जागरूक किया।


तिरंगा रैली का शुभारम्भ वाहनी के सैनानी हफीजुल्लाह सिद्दीकी द्वारा किया गया, जिसमें श्रीराम भक्त सरस्वती विद्यामन्दिर के 230 विद्यार्थियों एवं केन्द्रीय विद्यालय गौचर के 45 विद्यार्थियों,वाहनी के 82 जवानों एवं 17 अध्यापकों ने भाग लिया। इस अवसर पर,सेनानी द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगा झण्डा हमारे देश की आन बान शान है, जिसकी रक्षा हेतु भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल सहित देश के समस्त केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा भारतीय सेना के जवानों ने अपने प्राण न्यौछावर कर किया है।

देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखने हेतु, आज हम इस रैली के माध्यम से यह संदेश देंगे कि एक राष्ट्र के रूप में ध्वज को सामूहिक रूप से घर पर फहराना न केवल तिरंगे से व्यक्तिगत संबंध स्थापित करना है बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।ध्वज के साथ देश के नागरिकों का संबंध औपचारिक एवं संस्थागत रहा है। जिसे इस कार्यक्रम के माध्यम से ध्वज के साथ नागरिकों का संबंध व्यक्तिगत करने हेतु तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। आज हमारी इस पहल का उद्देश्य नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। सेनानी महोदय के संबोधन के उपरान्त रैली का शुभारंभ वाहनी परिसर से शुरू होकर देश भक्ति के नारों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः वाहनी परिसर में विसर्जन की गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों एवं जवानों ने‘भारत माता की जय’, ‘वन्दे मातरम,हमारे शहीद,हमारी आजादी अमर रहे’ जैसे जय घोष नारे लगाए।

इस अवसर पर एकत्रित विद्यार्थियों, जवानों, अध्यापकों एवं स्थानीय नागरिकों को वाहनी के सेनानी ने भारतीय झण्डा संहिता, 2002 एवं दिसम्बर, 2021 में ध्वज संहिता में किए गए संशोधन के बारे में जानकारी दी ,तथा समाज के लोगों को हर घर तिरंगा फहराने हेतु जागरूक किया।

उन्होंने राष्ट्रध्वज के रख रखाव के संबंध में भी संक्षिप्त जानकारी दी। अंत में उपस्थित स्थानीय नागरिकों को सेनानी महोदय के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए।तिरंगा रैली में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मदन चौधरी, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकुष डौंडियाल , विद्यालय के अध्यापक, अध्यापिकाओं के साथ ही वाहनी के जवानों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!