Front Page

देवाल के तोरती क्षेत्र में 90 नाली भांग की अवैध खेती नष्ट, दो दिन में 160 नाली पर कार्रवाई

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 5 अक्टूबर। चमोली जिले में भांग की अवैध खेती के खिलाफ एसओजी की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। रविवार को देवाल विकासखंड के तोरती और आसपास के गांवों में संयुक्त टीम ने करीब 90 नाली भूमि पर उगाई गई भांग की फसल नष्ट कर दी। दो दिनों में रामपुर और तोरती क्षेत्र में करीब 160 नाली भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई भांग नष्ट की जा चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी से भांग की खेती करने वालों में खलबली मची हुई है।

भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत’ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और उनकी खेती के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में एसओजी चमोली ने पुलिस चौकी देवाल, वन विभाग और समाज कल्याण विभाग की टीम के साथ तोरती तथा आसपास के गांवों में अभियान चलाया। टीम ने करीब 90 नाली भूमि पर उगी भांग की फसल नष्ट की। इससे पहले रामपुर क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर भांग की खेती नष्ट की गई थी। पुलिस के अनुसार दो दिनों की कार्रवाई में करीब 160 नाली भूमि पर उगाई गई भांग नष्ट की जा चुकी है।

संयुक्त टीम ने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को भांग और चरस के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई।
टीम ने ग्रामीणों से अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगने वाली जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने को कहा। अधिकारियों ने चिंता जताई कि चरस की आसानी से उपलब्धता के कारण युवाओं में इसके सेवन की प्रवृत्ति बढ़ सकती है, जो उनके स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। नशामुक्त समाज के लिए पुलिस ने जनसहयोग को जरूरी बताया।
एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और खेती में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चमोली जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!