Front Page

सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, कहा—समाज सेवा और संस्कृति संरक्षण में अनुकरणीय योगदान

हरिद्वार, 21 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व शक्ति की उपासना के साथ नई ऊर्जा और सेवा भावना का संचार करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि “आज का यह भव्य आयोजन महाराज जी के प्रति जनता के स्नेह और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और लोककल्याण का संदेश दिया है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजनीति के साथ-साथ सतपाल महाराज ने समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और उत्तराखंड राज्य निर्माण जैसे आंदोलनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। मानव सेवा एवं उत्थान समिति के माध्यम से देशभर में सामाजिक समरसता और मानव कल्याण की दिशा में किए जा रहे उनके प्रयास अनुकरणीय हैं।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में महाराज ने पर्यटन और तीर्थाटन के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर और तीर्थस्थलों के पुनरुत्थान में उनकी विशेष भूमिका रही है। उन्हीं के प्रयासों से उत्तराखंड को बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “महाराज जी समाज में समरसता, प्रेम और भाईचारे के प्रेरक संदेशवाहक हैं। उनका जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है।”

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!