राजभवन देहरादून में ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का लोकार्पण, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण

देहरादून, 22 सितम्बर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उद्यान में स्थापित महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया।
‘‘भगीरथ उद्यान’’ में लगभग 10 फीट ऊंची प्रतिमा को 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित किया गया है। इस प्रतिमा का निर्माण हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से किया है। उद्यान में प्रतिमा के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधों का भी रोपण किया गया है, जिससे परिसर को हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण प्राप्त होता है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा कि नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर इस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोककल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति स्वयं मार्ग प्रशस्त कर देते हैं। उन्होंने उद्यान को साकार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथि को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा हमें सदा स्मरण दिलाएगी कि ‘भगीरथ प्रयत्न’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।
उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंडया, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
