चारधाम यात्रा का समापन, मगर आस्था के द्वारा बन्द नहीं होते

–जयसिंह रावत–
बैकुंठधाम बद्रीनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड हिमालय की इस साल की चारधाम यात्रा का भी समापन हो गया। इस साल इस यात्रा में 65 लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों के शामिल हो कर पुण्यलाभ कमाने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है, जो कि इन पवित्र हिमालयी धर्मस्थलों के प्रति देश विदेश के सनातन धर्मावलम्बियों के बढ़ते जा रहे धार्मिक आकर्षण का ही प्रतिक है। पुरे 6 माह के लिए इस ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन होने का मतलब आस्था के द्वार बंद होने का मतलब कतई नहीं है. बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों कपाट भले ही बंद गये हों लेकिन इसके साथ ही इन आराध्यों के कपाट इनके शीतकालीन गद्दीस्थलों में खुल जाते हैं जहाँ आप अगले साल मई में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा तक दर्शन लाभ कर सकते हैं। उत्तराखंड की धार्मिक परंपरा की विशिष्टता ही यह है कि जब हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू होती है और दुर्गम रास्ते बर्फ से ढक जाते हैं, तब इन्हीं आराध्य देवताओं की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थलों पर विधिवत जारी रहती है। यानी यात्रा का स्वरूप बदलता है, उसकी आध्यात्मिक निरंतरता नहीं।
परंपरा के अनुसार, गंगा की उत्सव डोली शीतकाल में उत्तरकाशी जिले के मुखबा गांव स्थित गंगा मंदिर में विराजमान होती है।यमुना की पूजा खरसाली गांव में होती है। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचती है, जहां अगले छह महीने तक उनकी पूजा-अर्चना होती है। इसी प्रकार बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव की पूजा पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर में तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और भगवान नृसिंह की पूजा ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में होती है। इस प्रकार बदरी-केदार सहित चारों धामों की धार्मिक परंपराओं से जुड़े दर्शन के अवसर शीतकाल में भी उपलब्ध रहते हैं।
भैगालिक विषमताओं और यात्रा की कठिनाइयों के बावजूद इन हिमालयी तीर्थों के प्रति देश विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था बढ़ती जा रही है।उपलब्ध समापन आंकड़ों के अनुसार, चारों धामों और हेमकुंड साहिब को मिलाकर 65,55,624 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसमें बदरीनाथ में 23,39,772, केदारनाथ में 19,33,138, गंगोत्री में 10,07,177 और यमुनोत्री में 8,84,841 श्रद्धालु पहुंचे। हेमकुंड साहिब में भी 3,90,696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 में लगभग 46 लाख, 2023 में करीब 56 लाख, 2024 में लगभग 48 लाख और 2025 में करीब 51 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा में पहुंचे थे। चारधाम यात्रा का अधिकांश आर्थिक लाभ अप्रैल से नवंबर के बीच मिलता है। इस दौरान होटल, होमस्टे, टैक्सी, घोड़ा-खच्चर संचालक, पालकी सेवा, स्थानीय दुकानदार और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को रोजगार मिलता है। लेकिन मुख्य धामों के कपाट बंद होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां काफी सीमित हो जाती हैं।
ऐसे में शीतकालीन गद्दीस्थलों को धार्मिक पर्यटन के नए केंद्रों के रूप में विकसित करना महत्वपूर्ण पहल है। मुखबा, खरसाली, ऊखीमठ, पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ को बेहतर सड़क संपर्क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और संचार सुविधाओं से जोड़कर वर्षभर के पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे स्थानीय होमस्टे, हस्तशिल्प, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शीतकाल में भी स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह पहल पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन की समस्या को कम करने में भी सहायक हो सकती है।
हालांकि शीतकालीन चारधाम यात्रा की संभावनाएं आकर्षक हैं, लेकिन इसके व्यावहारिक क्रियान्वयन की चुनौतियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह समझना जरूरी है कि जिन गद्दीस्थलों को तीर्थाटन के नए केंद्र बनाने की योजना है, वे भी हिमालय के संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित हैं। सर्दियों में यहां भारी हिमपात, पाला, शीतलहर और बर्फीली हवाओं का सामना करना पड़ता है। मुखबा और खरसाली जैसे गांवों में भारी बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क अक्सर बाधित जाता है। पांडुकेश्वर और जोशीमठ के आसपास भी हिमपात से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऊखीमठ अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर होने के बावजूद कड़ाके की ठंड और पाले से अछूता नहीं है। कई बार लगातार बर्फबारी के कारण मुख्य मार्गों के साथ गांवों को जोड़ने वाले संपर्क रास्ते भी बंद हो जाते हैं। इसलिए यह मान लेना उचित नहीं होगा कि मुख्य धामों के कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन गद्दीस्थलों तक पहुंचना हमेशा आसान रहेगा। इन स्थलों पर भी मौसम की प्रतिकूलता श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।
सरकार को शीतकालीन गद्दीस्थलों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर स्नो कटर मशीनों की स्थायी अथवा रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए। केवल जिला मुख्यालयों पर मशीनें उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है। अधिक हिमपात वाले संवेदनशील स्थानों पर पहले से मशीनें, प्रशिक्षित ऑपरेटर और पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होना चाहिए, ताकि बर्फबारी रुकते ही सड़कें खोलने का काम शुरू किया जा सके। लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है। स्नो कटर के साथ जेसीबी, डोजर और बर्फ हटाने वाले अन्य उपकरणों की व्यवस्था होनी चाहिए। वैकल्पिक मार्गों की पहचान और आपातकालीन यातायात प्रबंधन की योजना भी पहले से तैयार रहनी चाहिए। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रखना होगा। प्रमुख पड़ावों पर रेस्क्यू पोस्ट, प्रशिक्षित बचावकर्मी, संचार उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्राथमिक उपचार सामग्री और गर्म कपड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। हिमस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में मौसम और बर्फ की स्थिति की लगातार निगरानी हो तथा जरूरत पड़ने पर यात्रियों की आवाजाही तत्काल रोकने की व्यवस्था हो। कड़ाके की ठंड को देखते हुए गद्दीस्थलों पर 24 घंटे चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस, गर्म पानी, हीटिंग और सुरक्षित आवास की सुविधाएं भी जरूरी हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
बढ़ती श्रद्धालु संख्या के साथ हिमालयी पर्यावरण पर दबाव भी बढ़ रहा है। भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटना और हिमस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील इस क्षेत्र में अनियंत्रित निर्माण, वाहनों की भीड़ और कचरे का बढ़ता बोझ गंभीर चिंता का विषय है। यात्रियों की संख्या का प्रबंधन, मौसम के अनुसार यात्रा संचालन, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। प्रतिकूल मौसम में यात्रा को नियंत्रित करने और यात्रियों को समय रहते सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था आवश्यक है।
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा केवल चार मंदिरों के दर्शन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमालय, प्रकृति, संस्कृति और सनातन आस्था का अद्भुत संगम है। यहां मौसम बदलता है, आराध्य देवताओं का प्रवास स्थल बदलता है, लेकिन श्रद्धा की निरंतरता बनी रहती है। देवभूमि में आस्था के द्वार कभी बंद नहीं होते। कपाट केवल स्थान बदलते हैं, आराध्य नहींय मौसम बदलता है, श्रद्धा नहीं। हिमालय की चोटियों से लेकर उसकी तलहटी में बसे शीतकालीन गद्दीस्थलों तक सनातन आस्था की यह धारा निरंतर प्रवाहित होती रहती है।

