धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

हंस महाराज की जयंती पर हरिद्वार में दो दिवसीय जनकल्याण समारोह शुरू

 

भोले महाराज और मंगला जी ने अध्यात्म, मानव सेवा और सामाजिक कल्याण पर रखे विचार, आज होगी हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या

हरिद्वार, 22 नवंबर। आध्यात्मिक गुरु हंस महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में हंस ज्योति, हंस कल्चरल सेंटर दिल्ली की इकाई की ओर से कनखल स्थित वैरागी कैंप में दो दिवसीय जनकल्याण समारोह शुरू हुआ। समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर भोले महाराज और मंगला ने अध्यात्म, मानव सेवा तथा सामाजिक कल्याण के महत्व पर अपने विचार रखे।

समारोह का शुभारंभ हंस महाराज और राजेश्वरी देवी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर भोले महाराज ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में आध्यात्मिक चिंतन के साथ समाज सेवा और परोपकार को भी महत्व देना चाहिए। उन्होंने लोगों से समय का सदुपयोग करने तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने ‘हंसा निकल गया पिंजड़े से, खाली पड़ी रही तस्वीर’ और ‘जीवन है बेकार भजन बिन दुनिया में’ सहित कई भजन प्रस्तुत किए।

समारोह को संबोधित करते हुए मंगला ने कहा कि उत्तराखंड हंस महाराज की जन्मभूमि और कर्मभूमि रहा है। उन्होंने हरिद्वार से आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार और जनकल्याण के कार्यों की शुरुआत की थी। मंगला ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां से संचालित आध्यात्मिक तथा सामाजिक गतिविधियों का व्यापक प्रभाव रहा है।

मंगला ने हंस महाराज के जीवन और कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अध्यात्म के माध्यम से लोगों को सदाचार, परोपकार और मानव सेवा के लिए प्रेरित किया। उनके विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़े।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में हंस महाराज के नाम पर स्थापित द हंस फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पेयजल और जैविक खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त गौशालाओं के संचालन और ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

समारोह में श्वेता सहित देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से आए संतों और आध्यात्मिक वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान भजन गायकों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।

आयोजकों के अनुसार, समारोह के अंतर्गत 22 नवंबर को शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक वैरागी कैंप, कनखल में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!