मानसून की विदाई: राजस्थान से शुरू, 25 सितम्बर से उत्तराखंड में वापसी की संभावना
-उषा रावत द्वारा-
देहरादून, 23 सितम्बर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देशभर में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों से मानसून की वापसी की औपचारिक घोषणा हो चुकी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में मानसून की वापसी 25 सितम्बर से शुरू हो जाएगी और 30 सितम्बर तक इसके पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है।
राज्य में मानसून सीजन (जून से सितम्बर) के दौरान सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। सितंबर के अंतिम सप्ताह में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है, लेकिन यह मानसून के प्रभाव में नहीं बल्कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय कारणों से हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की वापसी का समय कृषि और मौसम विज्ञान दोनों दृष्टिकोणों से महत्वपूर्ण है। इसकी गति और पैटर्न आने वाले रबी सीजन पर भी असर डाल सकते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की वापसी के साथ ही राज्य में तापमान में गिरावट और मौसम में शुष्कता बढ़ेगी।
