Front Page

गैरसैंण में मुख्यमंत्री ने किया 142 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास


राज्य आंदोलनकारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

भराड़ीसैण/गैरसैंण, 10 नवम्बर ( कपरुवाण)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में सोमवार को आयोजित राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 43.63 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण तथा 98.62 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और खेल, शिक्षा, कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। इस अवसर पर आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी, फायर सर्विस तथा एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर रैतिक परेड का प्रदर्शन किया, जिसका निरीक्षण मुख्यमंत्री ने किया।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की रक्षा में बलिदान देने वाले सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की रजत जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होकर राज्य का गौरव बढ़ाया है और 8200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है। केदारखण्ड और मानसखण्ड क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों का पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण तेजी से हो रहा है। उन्होंने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि अटल जी ने राज्य गठन के साथ औद्योगिक पैकेज देकर विकास की मजबूत नींव रखी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। सारकोट गांव को गोद लेकर मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की विकास दर में वृद्धि हुई है, कृषकों की आय बढ़ी है और बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सतत विकास सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है और इसे “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का पुरस्कार भी मिला है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है। मंदिर माला मिशन, एक जिला एक मेला योजना और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सख्त भू-कानून लागू कर भू-माफिया पर अंकुश लगाया गया है, साथ ही नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि “लोकल टू ग्लोबल” के प्रधानमंत्री के मंत्र को साकार करने में उत्तराखंड अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गैरसैंण एवं आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार करने की घोषणा की। साथ ही चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष बीकेटीसी ऋषि प्रसाद सती, राज्यमंत्री रामचंद्र गौड़, हरक सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, ग्राम प्रधान सारकोट प्रियंका नेगी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!