उत्तराखंड कांग्रेस में भारी फेरबदल, गणेश गोदियाल को मिली प्रदेश की कमान, नये जिला अध्यक्षों की भी हुई नियुक्ति (देखिये सूची)


प्रीतम सिंह को प्रचार समिति और हरक सिंह रावत को निर्वाचन प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया
नई दिल्ली/देहरादून, 11 नवंबर। कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल को एक बार फिर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कांग्रेस आला कमान ने उत्तराखंड के आपने सभी 27 सांगठनिक जिलों के अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिये हैँ।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश संगठन को मज़बूत करने के उद्देश्य से दो अहम समितियों का गठन भी मंज़ूर किया है। इसमें प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को निर्वाचन प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण महरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य (स्पेशल इनवाइटी) के रूप में शामिल किया गया है। पार्टी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को सक्रिय बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गणेश गोदियाल की पुनर्नियुक्ति के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस अब 2027 के विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ेगी। गोदियाल को संगठनात्मक दृष्टि से संतुलित और जमीनी नेता माना जाता है। इससे पहले भी वे प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्होंने 2022 के चुनाव में पार्टी को एकजुट रखने का प्रयास किया था।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि कांग्रेस की यह नई टीम आने वाले चुनावों में संगठन को सक्रिय करने और भाजपा के मुकाबले में मजबूती से खड़ा करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के सभी 27 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नई नियुक्तियों में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है। पार्टी ने महिला नेतृत्व को भी प्राथमिकता दी है, जिसके तहत काशीपुर, रुड़पुर और कोटद्वार नगर समेत कई स्थानों पर महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार —
1. अल्मोड़ा – भूपेन्द्र सिंह भोज
2. बागेश्वर – अर्जुन चन्द्र भट्ट
3. चमोली – सुरेश डिमरी
4. चंपावत – चिराग सिंह फर्त्याल
5. देहरादून नगर – डॉ. जसविंदर सिंह गोगी
6. हल्द्वानी नगर – गोविन्द सिंह बिष्ट
7. काशीपुर नगर – श्रीमती अल्का पाल
8. रुद्रपुर नगर – श्रीमती ममता रानी
9. देवप्रयाग – उत्तम असवाल
10. डीडीहाट – मनोहर सिंह तोलिया
11. हरिद्वार – बलेश्वर सिंह
12. हरिद्वार नगर – अमन गर्ग
13. कोटद्वार – विकास नेगी
14. कोटद्वार नगर – श्रीमती मीना देवी
15. नैनीताल – राहुल छिमवाल
16. पछवाड़ून – संजय किशोर
17. परवाडून – मोहित उनियाल
18. पौड़ी गढ़वाल – विनोद सिंह नेगी
19. पिथौरागढ़ – मुकेश पंत
20. पुरोला – दिनेश चौहान
21. रानीखेत – दीपक किरौला
22. रुड़की – फुरकान अहमद
23. रुड़की नगर – राजेन्द्र कुमार चौधरी
24. रुद्रप्रयाग – कुलदीप कंडारी
25. टिहरी गढ़वाल – मुरारी लाल खंडवाल
26. उधमसिंह नगर – हिमांशु गाबा
27. उत्तरकाशी – प्रदीप सिंह रावत
कांग्रेस संगठन के अनुसार, यह नई टीम प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने, 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज करने और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगी।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की पुनर्नियुक्ति के साथ जिला स्तर पर यह नई टीम पार्टी को जमीनी स्तर पर पुनर्गठित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
