उत्तराखंड को BRAP 2024 के तहत टॉप अचीवर्स पुरस्कार
देहरादून, 12 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को सचिवालय में उद्योग सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय ने व्यापार सुधार कार्य योजना (BRAP) 2024 के तहत पाँच प्रमुख सुधार श्रेणियों में प्रदेश को प्राप्त ‘टॉप अचीवर्स’ पुरस्कार भेंट किया।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम-2025 के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल द्वारा उद्योग सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय को प्रदान किया गया था। उत्तराखंड को यह सम्मान व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता एवं श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच सुधार क्षेत्रों में सर्वोच्च उपलब्धि हासिल करने के लिए मिला है।
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की व्यवसाय सुगमता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है। यह व्यापार सुधार कार्य योजना के प्रति राज्य के सतत प्रयासों का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने सतत एवं समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। इन सुधारों का उद्देश्य न केवल निवेश में तेजी लाना है, बल्कि पारिस्थितिक अखंडता और समान विकास को भी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का सशक्त माध्यम बन रहा है। BRAP 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में स्थान बनाने से निवेशक उत्तराखंड की ओर आकर्षित होंगे और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर महानिदेशक उद्योग श्री सौरभ गहरवार उपस्थित थे।
