खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में छात्रों ने संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 15 नवंबर। विकासखंड देवाल के अंतर्गत अटल उत्कृष्ट पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज देवाल में खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपनी लोक संस्कृति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया और उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
राइका देवाल में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति को बचाने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी गांव से लेकर राज्य स्तर तक सभी की है। उन्होंने युवाओं में पाश्चात्य संस्कृति की ओर तेजी से बढ़ते रुझान पर चिंता व्यक्त की और अपनी जड़ों से जुड़े रहने पर बल दिया।
कार्यक्रम में शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष रमेश गड़िया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय प्रशासन सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जो सराहनीय है। विशिष्ट अतिथि और देवाल के जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति का अर्थ, महत्व और व्यावहारिक ज्ञान देना आवश्यक है, तभी समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रख पाएगा।
प्रधानाचार्य एम. आर. घुनियाल और खंड संयोजक कुलदीप कुमार शास्त्री ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और समस्याओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, सेलखोल की प्रधान कविता मिश्रा, हाट-कल्याणी के मनोज कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र बिष्ट सहित कई सम्मानित अतिथि मौजूद रहे।
