क्षेत्रीय समाचार

बालिका इंटर कॉलेज गौचर में जिला स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड प्रदर्शनी का भव्य आगाज़

पोखरी/गौचर 2 फरबरी (राणा/गुसाईं)। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर, जनपद चमोली में जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में जिला स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता 2024-25 का शुभारंभ भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया।


कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली पंकज उप्रेती, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर डॉ. सुमन ध्यानी, नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन के सुनील भास्कर, डायट गौचर के प्रवक्ता रविंद्र सिंह बर्त्वाल, पॉलिटेक्निक गौचर के प्रवक्ता अरविंद रावत, राजकीय शिक्षक संघ चमोली के जिला मंत्री बीरेंद्र सिंह नेगी एवं उपाध्यक्ष दिनेश कुनियाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा स्थानीय समस्याओं के नवाचारी समाधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इन्स्पायर अवार्ड योजना संचालित की जा रही है। चयनित विद्यार्थियों को क्रियाशील मॉडल अथवा प्रोजेक्ट निर्माण के लिए ₹10,000 की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षिक सत्र 2024-25 में जनपद चमोली से 153 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से 106 छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। इनमें से सर्वश्रेष्ठ 11 प्रतिभागियों के मॉडल/प्रोजेक्ट को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विगत वर्ष राज्य स्तर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित छात्रा गीतांजलि एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षक चंडी प्रसाद देवराणी (राजकीय हाईस्कूल कूनीपार्था, थराली) को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में

सुनील भास्कर (प्रोजेक्ट एसोसिएट, नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, दिल्ली),
रविंद्र सिंह बर्त्वाल (प्रवक्ता, डायट गौचर) तथा
अरविंद रावत (प्रवक्ता, पॉलिटेक्निक गौचर) रहे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित प्रतिभागी
अनन्या – राजकीय हाईस्कूल गाड़ी, दशोली
ऋषभ नेगी – उ.प्रा.वि. गोपेश्वर, दशोली
शिवम – रा.इ.का. भराड़ीसैंण, गैरसैंण
हिमांशु सिंह – रा.इ.का. भराड़ीसैंण, गैरसैंण
उज्ज्वल कुमार – रा.इ.का. कुशरानीतल्ली, गैरसैंण
संदीप सिंह – रा.इ.का. कुशरानीतल्ली, गैरसैंण
दिव्या भारती – रा.इ.का. लाटूगैर, गैरसैंण
लिया खंडूरी – उ.प्रा.वि. लंगासू, कर्णप्रयाग
आदित्य – रा.उ.मा.वि. विरसण, पोखरी
निधि – राजकीय हाईस्कूल सुनाऊं, थराली
दिशा – उ.प्रा.वि. गुमड, थराली
इस अवसर पर आशादीप मैठाणी, जगदीश कंसवाल, संदीप नेगी, सुरेन्द्र राणा, सुरेन्द्र खंडूरी, देवेन्द्र देवली, महेंद्र शाह, साधना कुंवर, विद्याशंकर आगरी, देवेंद्र पंवार, भगवती रावत, रेखा राणा, ममता पंवार, महिपाल मढवाल सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!