धराली आपदा : पशु हानि पर ₹10.56 लाख की अतिरिक्त सहायता स्वीकृत
उत्तरकाशी, 5 फरवरी।.जनपद उत्तरकाशी की तहसील भटवाड़ी अंतर्गत ग्राम धराली में अगस्त 2025 में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पशुपालकों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आपदा के दौरान हुई पशु हानि की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10,56,000 (दस लाख छप्पन हजार रुपये) की अतिरिक्त सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के सचिव श्री शैलेश बगौली द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
यह सहायता राशि 5 अगस्त 2025 को ग्राम धराली में आई दैवीय आपदा के कारण हुई पशु क्षति के लिए प्रदान की जा रही है। आपदा में ग्रामीणों की 14 गायें, 5 खच्चर, 135 भेड़ तथा 81 बकरियों की मृत्यु हो गई थी। शासन को प्राप्त प्रस्ताव पर सम्यक विचार के उपरांत 13 प्रभावित पशुपालकों को यह सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
राहत राशि का वितरण पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से किया जाएगा, जिससे सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगी। जिलाधिकारी द्वारा धनराशि के वितरण एवं सदुपयोग की निगरानी की जाएगी तथा इसके लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन को लाभार्थियों का संपूर्ण विवरण—नाम, पता एवं मोबाइल नंबर—सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, वित्तीय वर्ष की समाप्ति यानी 31 मार्च 2026 तक उपयोगिता प्रमाण-पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। यदि वितरण के पश्चात कोई धनराशि अवशेष रहती है, तो उसे पुनः मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की इस पहल से आपदा प्रभावित पशुपालकों को अपनी आजीविका पुनः सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। जिला प्रशासन शीघ्र ही राहत राशि के वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ करेगा।
