धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

कालिंका देवी मैद्युल धार देवी रथ यात्रा अंतिम चरण में, भूमियाल देवता को दिया गया भत्ता

– महिपाल गुसाईं की रिपोर्ट –
गोपेश्वर, 12 फरवरी। जिले की कल्पगंगा घाटी के भरकी गांव स्थित कालिंका मैद्युल धार देवी की रथ यात्रा नौ माह के भ्रमण के बाद अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी क्रम में बुधवार को भगवती के भूमियाल देवता को पंचों द्वारा विधिवत भत्ता प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम मगरा धार तोक, भरकी में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भगवती ने पारंपरिक रीति से मैतियों को आशीर्वाद दिया। भूमियाल देवता को इस रथ यात्रा का प्रमुख आगवान माना जाता है और क्षेत्र की रक्षा के लिए उनकी विशेष पूजा की जाती है। रथ यात्रा में भूमियाल देवता की छड़ी एवं कटार भी सम्मिलित रहती हैं।

भगवती को भूमियाल देवता के पस्वा द्वारा भी भत्ता अर्पित किया गया। कल्प क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं। पैनखंडा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों से भी श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान भगवती द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और भाव नृत्य का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम के अंतर्गत पंचनाम देवताओं के चौक में मुखौटा नृत्य का भव्य मंचन किया गया। इसमें बेदी वेदा, गणेश, ब्रह्मा, कोडिया, कनाडा मुखौटा, नाथू पांडे, गनी गाना, ईश्वर मुखौटा, नारद मुनि (बुडदेवा) आदि पात्रों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की यात्रा का विवरण प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुति लोकरंजन के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था और परंपराओं का बोध कराती है। रथ यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में देखी गई व्यवस्थाओं एवं समस्याओं का भी सांकेतिक विवरण दिया गया।

ढोल वादक दीपक कुमार ने मुखौटा नृत्य का निर्देशन किया, वहीं गोडित नृत्य की सुंदर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में भगवती कालिंका के प्रतिनिधि कातकी देवी, भगवती मायाधार देवी की पस्वा आरती देवी, नंदा देवी के पस्वा बलबीर सिंह, खालधार देवी की पस्वा पार्वती देवी, दाणी पस्वा रणजीत चौहान, भूमियाल देवता के पस्वा लक्ष्मण सिंह नेगी, स्वनुल देवी के पस्वा अनिल पंवार, जागर गायक लक्ष्मण पंवार व रघुवीर चौहान सहित मेला समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन फर्स्वाण, सचिव, कोषाध्यक्ष नंदा सिंह नेगी, पुजारी गुड़बीर सिंह चौहान तथा धारी प्रताप चौहान, दर्शन सिंह, अरविंद फर्स्वाण, अशोक चौहान, सुभाष रावत, प्रदीप पंवार, महेंद्र सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!