सरस्वती विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित

ज्योतिर्मठ, 23 फरबरी (कपरुवाण)। विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ में मेधावी छात्र सम्मान समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर योग, व्यायाम और साहसिक शारीरिक प्रदर्शनों ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक मनोज बर्तवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सेवा सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रकाश कपरुवाण ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन किया।
छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियों के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए। ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’, ‘करो योग, रहो निरोग’ जैसे विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ लेजियम, योगासन, व्यायाम और मानव मीनार के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
समारोह में 37 मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर टेबल टेनिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए गए। अटल टिंकरिंग लैब के अंतर्गत नवाचार के क्षेत्र में आईआईटी दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला ने विद्यालय की शैक्षिक, खेल, नवाचार और वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों के साथ-साथ सीमांत क्षेत्र में विद्यालय द्वारा पलायन रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि मनोज बर्तवाल ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि ऋषि प्रसाद सती ने विद्यालय और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के कारण सम्मानित होना गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र जनरेटर उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम अध्यक्ष सेवा सिंह ने सीमांत क्षेत्र में विद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य प्रकाश पंवार ने किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं मधुर गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य बद्री सिंह नेगी, विद्यालय के व्यवस्थापक दिनेश बड़वाल, प्रबंध समिति सदस्य योगेश शर्मा, जयपाल बिष्ट, मातृ भारती की अध्यक्ष सरोजिनी नौटियाल, रणजीत सिंह रावत, अभिभावक दान सिंह नेगी सहित विद्यालय के आचार्यगण, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
