शॉर्ट सर्किट से प्राथमिक विद्यालय पैणी में आग, कंप्यूटर व फर्नीचर जले

पोखरी, 24 फरवरी (राणा)। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से विद्यालय का कंप्यूटर सेट और फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय विद्यालय में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब एक बजे विद्यालय में वाई-फाई कनेक्शन की लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने पास रखे कंप्यूटर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना ग्राम प्रहरी दलील सिंह ने तत्काल थाना पोखरी को दी। सूचना मिलते ही दरोगा दलवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कंप्यूटर सहित अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।
विद्यालय में तैनात शिक्षक कमल सिंह असवाल ने बताया कि वाई-फाई कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिससे कंप्यूटर सेट और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली है। वहीं विद्यालय प्रशासन द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
