धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

चारधाम यात्रा 2026: डीएम व एसपी ने बस में सवार होकर किया बदरीनाथ हाईवे का स्थलीय निरीक्षण

ज्योतिर्मठ/चमोली, 24 फरवरी (कपरुवाण)। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक बस में सवार होकर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बदरीनाथ हाईवे सहित यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, पंजीकरण, स्वास्थ्य, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंध करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि चमोली जनपद स्थित श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष 23 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तीर्थयात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। इसी क्रम में डीएम और एसपी ने जनपद में पड़ने वाले बदरीनाथ हाईवे के लगभग 160 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को यात्रा मार्ग के खतरनाक स्थलों पर फ्लड लाइट लगाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से पूर्व चेतावनी साइन बोर्ड स्थापित करने तथा हाईवे सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर पड़े मलबे के शीघ्र निस्तारण तथा संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हीकरण कर तत्काल सुधारीकरण व सुरक्षा कार्य कराने को कहा।

डीएम ने यात्रा मार्ग पर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए जल संस्थान और पेयजल निगम को हैंडपंपों व वाटर एटीएम की सफाई कर यात्रा से पूर्व संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा पड़ावों और हाईवे किनारे बने शौचालयों का भी निरीक्षण किया तथा नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल के अधिकारियों को सभी शौचालयों में पानी सहित आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर जांच केंद्र स्थापित करने, सभी चिकित्सालयों में दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की तैनाती यात्रा शुरू होने से पूर्व करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड़, संबंधित एसडीएम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एनएचआईडीसीएल अंकित राणा, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.के. जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय, एनएचआई और बीआरओ के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!