उत्तराखंड को केंद्र से मिली 350 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
देहरादून, 25 फरबरी। उत्तराखंड राज्य को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत 350 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि योजना के भाग-IX ‘वित्तीय प्रबंधन में दक्षता के लिए राज्यों को प्रोत्साहन’ के अंतर्गत दी गई है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रोत्साहन राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए बेहतर वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता और राजकोषीय अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ने कर संग्रह बढ़ाने, सरकारी खर्च पर नियंत्रण रखने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और बजट प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले राज्य को खनन क्षेत्र में पारदर्शी नीतियां लागू करने, ई-टेंडरिंग और ऑनलाइन निगरानी प्रणाली शुरू करने तथा परिवहन विभाग में सुधारों के लिए भी केंद्र सरकार से प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है। इससे यह स्पष्ट होता है कि उत्तराखंड सुधार आधारित शासन मॉडल को लगातार आगे बढ़ा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सुशासन, पारदर्शिता और विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार से मिलने वाला यह प्रोत्साहन राज्य की विकास योजनाओं को गति देने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
