अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग की राज्यव्यापी यात्रा का तीसरा चरण संपन्न
देहरादून, 25 फरवरी। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में चलाए जा रहे राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान और आंदोलन यात्रा का तीसरा चरण मंगलवार को संपन्न हो गया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि अग्निवीर योजना से सेना की स्थायित्व परंपरा और युवाओं के भविष्य दोनों पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
कर्नल नेगी के नेतृत्व में यह यात्रा 20 फरवरी से 25 फरवरी तक चली। यात्रा रथ को उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा के दौरान सहसपुर में कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। विकासनगर में उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का अभिनंदन किया।
यात्रा को उत्तरकाशी जिले के बड़कोट सहित विभिन्न कस्बों में व्यापक जनसमर्थन मिला। उत्तरकाशी में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। टिहरी जिले के प्रतापनगर में कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा जिला पदाधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया। नरेंद्रनगर और मसूरी में भी अग्निवीर योजना के विरोध को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिला। मसूरी में पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला और नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा रथ का स्वागत किया।
कर्नल नेगी ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए अग्निपथ/अग्निवीर योजना के विरोध के कारणों को विस्तार से समझाया और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सैनिकों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पत्रकार वार्ता में डॉ. हरक सिंह रावत, लेफ्टिनेंट गोपाल सिंह गाड़िया, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरजीत सिंह, शीशपाल बिष्ट और विनोद चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
