एडवेंचर कैम्प से लौटे छात्र, हिमालयी पर्यावरण की मिली सीख
पोखरी, 27 फरबरी (राणा )। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा (चांदनीखाल) के कक्षा 11 के 10 छात्र-छात्राओं का पांच दिवसीय एडवेंचर टूर एवं नेचर स्टडी कैम्प उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हो गया। 22 से 26 फरवरी 2026 तक सीमांत नीति क्षेत्र में आयोजित इस कैम्प में विद्यालय के दस विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कैम्प के दौरान विद्यार्थियों ने हिमालयी प्रकृति, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
कैम्प का नेतृत्व पीएम श्री प्रभारी एवं भूगोल प्रवक्ता दुर्गा प्रसाद कुमेड़ी ने किया। विद्यार्थियों ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, चट्टानी बनावट, हिम रेखा, जल स्रोतों तथा स्थानीय पारितंत्र का गहन अध्ययन किया। उन्होंने सुगंधित एवं औषधीय पादपों की पहचान कर उनके उपयोग और संरक्षण के महत्व को समझा। वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास और जैव विविधता के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं विश्व विख्यात पर्यावरणविद् गौरा देवी की तपस्थली, रेणी गांव भी पहुंचे। यहां उन्हें चिपको आंदोलन के इतिहास, महिलाओं की भूमिका तथा वनों के संरक्षण के लिए किए गए संघर्ष के बारे में जानकारी दी गई। इस ऐतिहासिक स्थल के दर्शन कर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को गहराई से महसूस किया।
कैम्प में रॉक क्लाइंबिंग, माउंटेनियरिंग और ट्रैकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में टीमवर्क और अनुशासन के साथ कार्य करने की सीख ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार किया। प्रशिक्षकों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उन्हें पर्वतीय जीवन शैली और आपदा प्रबंधन के प्राथमिक उपायों की जानकारी भी दी।
विद्यार्थियों ने नीति क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान और स्थानीय रीति-रिवाजों को नजदीक से देखा। ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्होंने सीमांत जीवन की चुनौतियों और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता को समझा।
टूर के अंतिम चरण में छात्र-छात्राओं ने विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बर्फीली ढलानों पर स्केटिंग का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया, जो उनके लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रवास के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्रीकांत पुरोहित ने भी कैम्प स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों से भेंट की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कैम्प के सफल आयोजन पर टीम प्रभारी एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण चेतना और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
