क्षेत्रीय समाचार

कुशरानी तल्ली इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों का पांच दिवसीय एडवेंचर टूर एवं नेचर स्टडी कैम्प सम्पन्न

विद्यार्थियों ने सीखे साहस, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के गुर

पोखरी, 28 फरवरी (राणा)। गैरसैंण विकासखंड के पीएम  राजकीय इंटर कॉलेज कुशरानी तल्ली के छात्र-छात्राओं का पांच दिवसीय एडवेंचर टूर एवं नेचर स्टडी कैम्प सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 23 से 27 फरवरी तक जनपद के नीति क्षेत्र में आयोजित इस विशेष शैक्षणिक एवं साहसिक शिविर में विद्यार्थियों ने प्रकृति के बीच रहकर पर्यावरण, जैव विविधता और पर्वतीय जीवन शैली का व्यावहारिक अध्ययन किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, साहसिक भावना और आत्मनिर्भरता का विकास करना रहा।


शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने भौगोलिक पर्यावरण, पारितंत्र, हिमालयी जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों की पहचान से संबंधित जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र की विशेषताओं और पर्यावरण संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया गया।
पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को रेणी गांव का भ्रमण कराया गया, जो ऐतिहासिक पर्यावरण आंदोलन की स्थली रहा है। यहां विश्व विख्यात पर्यावरणविद् एवं चिपको आंदोलन की प्रेरणास्रोत गौरा देवी के योगदान और संघर्ष के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों के प्रकृति संरक्षण हेतु किए गए प्रयासों को जानकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।

साहसिक गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने रॉक क्लाइम्बिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षकों की देखरेख में आयोजित गतिविधियों में छात्राओं ईशा, ललिता, कल्पना, कविता और चंद्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में जोखिम प्रबंधन, टीम भावना और मानसिक दृढ़ता का विकास करती हैं।
शिविर का बेस कैंप लाता गांव स्थित नंदा देवी एडवेंचर, उदय निवास में बनाया गया था। यहां विद्यार्थियों को एडवेंचर गतिविधियों का प्रशिक्षण, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश और पर्वतीय जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। छात्र-छात्राओं ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को भी निकट से समझा।
कैम्प के दौरान विद्यार्थियों को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने स्कीइंग का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया। बर्फीले वातावरण में आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए सीख और उत्साह से भरपूर रहीं।
शिविर का नेतृत्व मनीष बडोला, कनिष्ठ सहायक एवं ब्लॉक सचिव, एजुकेशन मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन गैरसैंण द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में सम्पूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं साहसिक शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!